राज्य शिक्षा मंडल की महत्वपूर्ण समिति में प्राचार्य नंदकुमार सागर की नियुक्ति
पुणे - महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने नई शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों के लिए विभिन्न समितियों का पुनर्गठन किया है। इसी क्रम में जेजुरी (तालुका पुरंदर) स्थित जिजामाता हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज के प्राचार्य नंदकुमार सागर को मंडल अधिनियम एवं नियमावली संशोधन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। प्राचार्य नंदकुमार सागर शिक्षा क्षेत्र में अपने लंबे अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और संगठनात्मक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने राज्यभर के मुख्याध्यापकों के शैक्षणिक और प्रशासनिक मुद्दों पर लगातार प्रभावी भूमिका निभाई है। उनकी नियुक्ति को महाराष्ट्र के शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है। राज्य मंडल के सचिव डॉ. दीपक माली द्वारा जारी पत्र के अनुसार, नई शिक्षा नीति के तहत परीक्षा प्रणाली में सुधार, शिक्षा व्यवस्था में नवाचार तथा मंडल की नियमावली में आवश्यक संशोधन के लिए विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षाविदों को समितियों में शामिल किया गया है। प्राचार्य सागर की नियुक्ति पर राज्यभर के शिक्षकों, मुख्याध्यापकों, शिक्षण संस्थाओं और शिक्षा प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रसिद्ध प्राचार्य नंदकुमार सागर की यह नियुक्ति महाराष्ट्र की शैक्षणिक नीतियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
रिपोर्टर - प्रमोड दत्तात्रय काकडे
No Previous Comments found.