धनकवड़ी में बिजली संकट गहराया, 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल

पुणे - धनकवड़ी मानसून की बारिश ने जहां पुणेवासियों को राहत दी है, वहीं धनकवड़ी क्षेत्र के निवासी पिछले कई दिनों से लगातार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। इलाके के कई हिस्सों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही,जिससे लोगों में भारी नाराजगी है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक बिजली बहाल होने की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई गई। धनकवड़ी निवासी बरजिंदर सिंह के अनुसार, यह समस्या पिछले लगभग एक महीने से बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई (शनिवार) को करीब 18 घंटे बिजली नहीं थी और अब फिर से 24 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल है। हर बार विभाग की ओर से आने वाली बिजली सप्लाई या बिजली लाइनों में खराबी का हवाला दिया जाता है।

शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए MSEDCL के जनसंपर्क अधिकारी विकास पुरी ने बताया कि विभाग को क्षेत्र से कई शिकायतें मिली हैं। वैकल्पिक उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन लगातार बारिश के कारण वितरण लाइनों में आई खराबी से बार-बार बिजली बाधित हो रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मई और जून में किए गए प्री-मानसून रखरखाव का मुख्य फोकस ट्रांसफॉर्मर और सबस्टेशनों पर था,जबकि वर्तमान समस्या वितरण लाइनों में आई तकनीकी खराबियों के कारण उत्पन्न हुई है। हालांकि,स्थानीय निवासियों का कहना है कि विभाग की ओर से लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भी MSEDCL को टैग कर अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। विभाग ने शिकायतों को स्वीकार करते हुए कहा है कि उन्हें दर्ज कर लिया गया है और समाधान की प्रक्रिया जारी है। वहीं,बुधवार शाम तक भी स्थानीय लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार था।

 संवादाता - यश सोलंकी  

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.