बिल्डरों से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह पर MCOCA, दो आरोपी गिरफ्तार

पुणे : पुणे के कोंढवा क्षेत्र में बिल्डरों और निर्माण व्यवसायियों को अवैध निर्माण कार्रवाई का डर दिखाकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले कथित संगठित गिरोह के खिलाफ कोंढवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2024 से जनवरी 2026 के बीच कोंढवा खुर्द क्षेत्र में निर्माण कार्य कर रहे एक बिल्डर को बार-बार धमकियां दी गईं। आरोप है कि पुणे महानगरपालिका में झूठी शिकायतें कर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देकर नकद रकम और एक फ्लैट की मांग की गई। शिकायतकर्ता से करीब 15 लाख रुपये रंगदारी के रूप में वसूलने का भी आरोप है।

इस मामले में पहले कोंढवा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ पहले भी इसी तरह के कई अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने मामले में MCOCA लगाने का प्रस्ताव भेजा, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद लागू कर दिया गया।

इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में जांच टीम ने शफी गुलजार खान पठाण और समीर शफी पठाण को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति धमकी देकर या झूठी शिकायतों का भय दिखाकर रंगदारी मांगता है, तो उसकी तुरंत पुलिस में शिकायत करें।

रिपोर्टर : यश सोलंकी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.