स्नैपचैट आईडी बनाने के बहाने 1.58 लाख रुपये का मोबाइल लेकर फरार
विमान नगर : पुणे के विमानतल (एयरपोर्ट) पुलिस स्टेशन में विमान नगर निवासी एक युवक के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और बेईमानी से संपत्ति हड़पने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने स्नैपचैट आईडी बनाने का बहाना कर अपने परिचित का महंगा Samsung Galaxy Fold 7 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
यह घटना अप्रैल 2026 में हुई थी। पीड़ित द्वारा मई में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रारंभिक जांच की गई और 2 जुलाई 2026 को पुलिस ने औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दिलावर शबीर शेख (34) अहमदनगर जिले के पारनेर के रहने वाले हैं और परिवार के पालन-पोषण के लिए 'साईंबाबा पान शॉप' चलाते हैं। उन्होंने 9 अक्टूबर 2025 को शिरूर स्थित रवि टेलीकॉम से 1,58,000 रुपये का काला Samsung Galaxy Fold 7 मोबाइल खरीदा था।
13 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे, परिचित उमेश अशोक मुलचंदानी (28) उनके फ्लैट पर आया। उसने स्नैपचैट आईडी बनाने के लिए पांच मिनट के लिए मोबाइल मांगा। भरोसा कर शिकायतकर्ता ने उसे मोबाइल दे दिया। इसके बाद आरोपी यह कहकर नीचे चला गया कि वह आईडी बनाकर तुरंत मोबाइल लौटा देगा, लेकिन वापस नहीं आया।
जब काफी देर तक आरोपी नहीं लौटा तो शिकायतकर्ता ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई और बाद में मोबाइल भी बंद कर दिया। एक सप्ताह बाद आरोपी ने संदेश भेजकर कहा कि वह शादी के लिए लोनावला आया है और मोबाइल गलती से घर पर रह गया है, जिसे वह अगले दिन लौटा देगा। इसके बावजूद उसने मोबाइल वापस नहीं किया।
बाद में व्हाट्सऐप पर भी आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा और यहां तक कि मोबाइल टूट जाने की झूठी बात भी कही। खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर शिकायतकर्ता ने 5 मई 2026 को विमानतल पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0318 दर्ज करते हुए आरोपी उमेश अशोक मुलचंदानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 314 (बेईमानी से संपत्ति का दुरुपयोग) तथा धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया है।
चोरी गया मोबाइल काले रंग का Samsung Galaxy Fold 7 है, जिसकी कीमत 1.58 लाख रुपये बताई गई है और उसमें एयरटेल का सिम कार्ड भी लगा हुआ था।
रिपोर्टर : यश सोलंकी
No Previous Comments found.