लोहेगांव के डायमंड वॉटर पार्क रोड की अस्थायी मरम्मत शुरू, नागरिकों को मिली राहत
पुणे : लोहेगांव स्थित डायमंड वॉटर पार्क रोड की जर्जर स्थिति से परेशान नागरिकों को अस्थायी राहत मिली है। नगरसेविका ऐश्वर्या सुरेंद्र पाथरे ने अपने निजी निधि से सड़क की अस्थायी मरम्मत का कार्य शुरू कराया है।
ऐश्वर्या पाथरे ने बताया कि मानसून शुरू होने के बाद जलनिकासी और पानी की पाइपलाइन का कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। संबंधित विभाग के साथ लगातार संपर्क के बावजूद कार्य अधूरा रहने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी और सुरक्षा संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन उनके दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
स्कूली बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए विधायक बापूसाहेब पाथरे के मार्गदर्शन में सड़क की अस्थायी मरम्मत शुरू की गई है।
मरम्मत कार्य के तहत सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर मुरूम (ग्रेवल) बिछाकर रोलर से दबाया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान यातायात सुचारु रहे और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो।
ऐश्वर्या पाथरे ने स्पष्ट किया कि यह कार्य केवल नागरिकों को तत्काल राहत देने के लिए किया जा रहा है। यह सड़क का स्थायी निर्माण नहीं है। जलनिकासी और पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद मानसून समाप्त होने पर सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों का सहयोग और विश्वास बनाए रखने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
रिपोर्टर : यश सोलंकी
No Previous Comments found.