लोहेगांव में ग्राहकों को गुमराह करने पर FDA की बड़ी कार्रवाई, प्रसिद्ध चाय-नाश्ता केंद्र का लाइसेंस निलंबित

पुणे : पुणे खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ग्राहकों को कथित रूप से गुमराह करने के मामले में लोहेगांव स्थित MRAT एंटरप्राइजेज (फ्रेंचाइजी – अभिनंदन टी) का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA के "सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र" अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई। FDA को एक ग्राहक से शिकायत प्राप्त होने के बाद 17 जुलाई 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान अपने लोकप्रिय "बन मस्का" में मक्खन (Butter) के बजाय न्यूट्रालाइट प्रोफेशनल वेजिटेबल फैट स्प्रेड (मीडियम फैट) का उपयोग कर रहा था, जबकि ग्राहकों को यह जानकारी नहीं दी जा रही थी। इससे ग्राहकों को यह आभास हो रहा था कि उत्पाद में असली मक्खन का इस्तेमाल किया गया है।

FDA के अनुसार, यह कृत्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ की वास्तविक सामग्री के बारे में गुमराह करने की श्रेणी में आता है। वास्तविक सामग्री का खुलासा न करने और उपभोक्ता हितों की अनदेखी करने के कारण प्रतिष्ठान का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस 17 जुलाई 2026 से अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

FDA ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि खाद्य पदार्थ तैयार करते समय उपयोग की जाने वाली वास्तविक सामग्री की जानकारी ग्राहकों को स्पष्ट रूप से देना अनिवार्य है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई प्रतिष्ठान मक्खन की जगह फैट स्प्रेड, पनीर की जगह चीज़ एनालॉग, या बिना उचित जानकारी दिए कृत्रिम खाद्य रंगों का उपयोग करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें खाद्य व्यवसाय लाइसेंस का निलंबन भी शामिल है। इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति डी. वी. भोगावडे, सहायक आयुक्त (खाद्य), खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पुणे संभाग द्वारा जारी की गई।

रिपोर्टर : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.