सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला के घर से ₹14.63 लाख के सोने के आभूषण और नकदी चोरी
पुणे - कोंढवा पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला से दोस्ती कर उसके घर से ₹14,63,496 मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में गुजरात के 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी कोंढवा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष खेतमलस ने दी। पुलिस के अनुसार,25 जून को शिकायतकर्ता महिला का सोशल मीडिया मित्र, जिसने अपना नाम यश बताया था, कोंढवा खुर्द स्थित उसके घर आया था। उसी दौरान महिला अपनी मौसी के घर भोजन का डिब्बा देने गई थी। इस अवसर का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के बेडरूम की अलमारी से ₹24,000 नकद और सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत ₹14,63,496 आंकी गई है। मामले में कोंढवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 494/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिसकर्मी केशव हिरवे द्वारा किए गए तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी गुजरात के वडोदरा में मौजूद है। इसके बाद पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र गवाडे तथा पुलिसकर्मी अमोल हिरवे,राहुल रसागे और केशव हिरवे की टीम गुजरात रवाना हुई और गोरवा पुलिस थाना क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को वडोदरा के आईपीसीएल रोड स्थित शुभानपुरा इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान यश कैलास भूलचंदानी (24 वर्ष) निवासी मोहादी गांव,विजापुर तालुका,मेहसाणा जिला (गुजरात) के रूप में बताई।
जांच में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 तोला चोरी के सोने के आभूषण,जिनकी कीमत ₹14,39,496 है, बरामद कर लिए। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (जोन-5) राजलक्ष्मी शिवणकर, सहायक पुलिस आयुक्त (वानवड़ी विभाग) रामदास इंगावले,वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष खेतमलस तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) प्रशांत मंडले के मार्गदर्शन में की गई।
जांच टीम में पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र गवाडे सहित अमोल हिरवे,रविंद्र चिप्पा,विशाल मेमाणे,राहुल शितोले,केशव हिरवे, राहुल रसागे,पुष्पेंद्र चव्हाण,अमित सूर्यवंशी,संतोष बंसुडे,रियाज पटेल,राहुल शेलार,राशिद शेख,सूरज शुक्ला,शाहिद राजपूत और ओंकार शेते शामिल थे।
संवादाता - यश सोलंकी
No Previous Comments found.