पिसोली के स्कूल की लिफ्ट में 25 मिनट तक फंसी महिला, दमकल विभाग ने सुरक्षित निकाला

पिसोली : पुणे के कोंढवा खुर्द अग्निशमन केंद्र के दमकलकर्मियों ने बुधवार सुबह पिसोली स्थित पद्मावती हाई स्कूल की लिफ्ट में फंसी 40 वर्षीय महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। सुबह करीब 8:40 बजे पुणे अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद कोंढवा खुर्द फायर स्टेशन से तुरंत दमकल वाहन और बचाव दल को स्कूल भेजा गया। दमकलकर्मी सुभाष खाडे ने मौके पर पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू किया। महिला लगभग 20 से 25 मिनट से लिफ्ट में फंसी हुई थी और घबराई हुई थी। खाडे ने लिफ्ट के बाहर से महिला से बातचीत कर उसे शांत रखने का प्रयास किया, जबकि अन्य दमकलकर्मी बचाव की योजना बनाने में जुट गए। अग्निशमन विभाग के अनुसार, लिफ्ट हाइड्रोलिक प्रणाली वाली थी, जिससे बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। दमकलकर्मियों ने पहले मास्टर-की की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और पाया कि लिफ्ट दो मंजिलों के बीच अटक गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि लिफ्ट शाफ्ट के ऊपर कोई लिफ्ट रूम नहीं था, जिसके कारण लिफ्ट को ऊपर या नीचे खिसकाकर महिला को निकालना संभव नहीं था।

इसके बाद दमकलकर्मियों ने विशेष तकनीकी उपकरणों का उपयोग कर लिफ्ट का अंदरूनी दरवाजा खोला और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव के बाद महिला कुछ समय तक डरी हुई थी। दमकलकर्मियों ने उसे सांत्वना दी और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य होने तक उसका हौसला बढ़ाया। इसके बाद स्कूल प्रशासन को घटना और लिफ्ट की तकनीकी स्थिति की जानकारी दी गई। स्कूल की एक शिक्षिका पाटिल मैडम ने दमकलकर्मियों के त्वरित और साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें गुलाब के फूल भेंट कर धन्यवाद दिया। इस बचाव अभियान में महेश फडतरे, रितेश मोरे, संदीप कवाडे, संतोष माने, प्रसाद शिंदे तथा चालक बाबूराव जाधव सहित कोंढवा खुर्द अग्निशमन केंद्र की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संवादाता - यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.