कोंढवा में गांजा बेचने वाले कथित गिरोह पर MCOCA की कार्रवाई, गैंग लीडर समेत 2 आरोपी फरार

हवेली :  पुणे पुलिस ने कोंढवा और स्वारगेट क्षेत्र में कथित रूप से गांजे की अवैध बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की ओर से शनिवार को जारी प्रेस नोट में यह जानकारी दी गई।

इस मामले में आरोपी यास्मिन करीम शेख (45), निवासी शिवनेरीनगर, कोंढवा खुर्द; अमीर समीर शेख (19), निवासी शिवनेरीनगर; तथा शमा उर्फ जोहराबी मुस्ताक शेख, निवासी महात्मा फुले वसाहत, कोंढवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कथित गैंग लीडर सहित दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

यह कार्रवाई कोंढवा पुलिस स्टेशन में दर्ज क्राइम नंबर 328/2026 के संबंध में की गई है। मामले में पहले NDPS एक्ट की धारा 8(b), 20(b)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज था। अब इसमें MCOCA की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस के अनुसार, कथित गिरोह पहले की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद अपनी आपराधिक गतिविधियां जारी रखे हुए था। आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष निर्धारित समयावधि में MCOCA के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि कथित गैंग लीडर और उसके चार साथियों के खिलाफ पहले भी कोंढवा और स्वारगेट पुलिस थानों में गांजे की अवैध बिक्री तथा मारपीट से संबंधित अपराध दर्ज थे। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद वे कथित तौर पर अपराध करते रहे।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के कारण कोंढवा और स्वारगेट पुलिस थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। गिरोह के सदस्य कथित तौर पर स्थानीय लोगों को धमकाते थे और महिलाओं की गरिमा भंग करने तथा गंभीर चोट पहुंचाने जैसे अपराधों में भी शामिल थे।

MCOCA कार्रवाई का प्रस्ताव पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय दराडे, पूर्वी क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, जोन-5 की पुलिस उपायुक्त राजलक्ष्मी शिवणकर तथा वानवडी विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त रामदास इंगले के मार्गदर्शन में तैयार किया गया।

पूरी कार्रवाई की निगरानी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष खेतमलास तथा अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक प्रशांत मंडले और संतोष चौधरी ने की।

पुलिस उपनिरीक्षक सागर पवार और रविंद्र गवाडे, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक शेखर कोली और शरद वाकसे सहित पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाकर MCOCA प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस ने बताया कि कथित गिरोह की गतिविधियों की आगे की जांच जारी है और फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रिपोर्टर : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.