दौंड राइफल शूटिंग अकादमी का भव्य उद्घाटन; प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान

पुणे  : दौंड राइफल शूटिंग अकादमी का भव्य उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 14 अगस्त को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अकादमी का उद्घाटन विधायक राहुलदादा कुल के हाथों किया गया। इस अवसर पर राज्य रिजर्व पुलिस बल गट क्रमांक 5 के समादेशक नारायण शिरगांवकर, प्रेमसुखजी कटारिया, अशोक बोंद्रे, सचिन डहाळे एवं सुनील सरोदे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम में राइफल शूटिंग क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ी, अभिभावक, प्रशिक्षक तथा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विभिन्न राइफल शूटिंग प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों का मान्यवरों के हाथों सम्मान कर उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान युवा खिलाड़ियों में उत्साह, आत्मविश्वास, अनुशासन और निशानेबाजी का कौशल विशेष रूप से देखने को मिला।

अकादमी के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षक मंगेश चव्हाण एवं संजय कुकडे के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का अनुशासित अभ्यास जारी है और अनेक प्रतिभावान निशानेबाज तैयार हो रहे हैं।

विशेष पुलिस लाइन बॉय संगठन की ओर से आयोजित इस समारोह से दौंड के खेल क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अकादमी के माध्यम से जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले उत्कृष्ट निशानेबाज तैयार हों, ऐसी अपेक्षा इस अवसर पर व्यक्त की गई। नगरसेविका सौ. वैशालीताई विशाल माशाळकर ने भी अकादमी की आगामी वाटचाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्टर : प्रमोद दत्तात्रय काकडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.