70 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या; 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
दौंड : दौंड शहर के आर.बी. 1 नगरमोरी इलाके में 70 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर सिर धड़ से अलग किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के महज 12 घंटे के भीतर दौंड पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकी उर्फ विक्रम धनराज अल्हाट (निवासी समतानगर, दौंड) और प्रसाद बाबूलाल चव्हाण (निवासी आर.बी. 1 नगरमोरी, दौंड) के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका सुमन किसन शिंदे की बेटी तृप्ती हिरवे की शिकायत पर दौंड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर करीब 3.15 बजे सुमन शिंदे की हत्या की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से उनका सिर धड़ से अलग किए जाने की बात सामने आई है। साथ ही, सबूत मिटाने के उद्देश्य से सिर को दूसरी जगह ले जाकर फेंकने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दौंड पुलिस थाने और स्थानीय अपराध शाखा की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी बापूराव दडस के मार्गदर्शन में की गई। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक लोकरे कर रहे हैं। हत्या के पीछे के कारण और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
रिपोर्टर : प्रमोद दत्तात्रय काकडे
No Previous Comments found.