हाथों में हुनर, सामने रोजगार; आत्मनिर्भर बनेंगी दौंड की महिलाएं

पुणे : शहर की महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देने के बजाय उन्हें कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण देकर अपने पैरों पर खड़ा करने की पहल की गई है। दौंड नगर परिषद की नगराध्यक्ष एवं विधायक रत्नागिरी जगदाळे-पाटील की संकल्पना से रोटरी क्लब ऑफ कुरकुंभ एमआईडीसी तथा क्रिप्टिक कंप्यूटर के सहयोग से जरूरतमंद महिलाओं के लिए डिजिटल कौशल प्रशिक्षण अभियान शुरू किया गया है।

इस उपक्रम के तहत महिलाओं को नाममात्र शुल्क में एमएस-सीआईटी तथा एआई डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले चरण में 60 महिलाओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है। इस पहल को महिलाओं की ओर से उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। रत्नागिरी जगदाळे-पाटील ने कहा कि महिलाओं को केवल कंप्यूटर का प्रमाणपत्र देना इस अभियान का उद्देश्य नहीं है। उनमें डिजिटल कौशल, आत्मविश्वास, रोजगार क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करना महत्वपूर्ण है। वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर संचालन, ऑनलाइन सेवाएं, डेटा एंट्री, डिजिटल अकाउंटिंग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कौशल रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।

प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को रोजगार एवं नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कंपनियों के सहयोग से प्रयास किए जाने की जानकारी भी जगदाळे-पाटील ने दी। इस उपक्रम के लिए रोटरी क्लब ऑफ कुरकुंभ एमआईडीसी के अध्यक्ष राजेंद्र जगदाळे, सचिव अनिल शितोळे, सुनील ठोंबरे, गणेश लवंडे, किशोर पाटील तथा क्रिप्टिक कंप्यूटर के उल्हास मिसाळ और अर्चना मिसाळ का सहयोग मिला। कार्यक्रम में पूर्व नगराध्यक्ष इंद्रजीत जगदाळे, नगरसेविका स्वाती सावंत, उज्ज्वला परकाळे, प्रणिता शिंदे और राणी लष्करे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर -प्रमोद दत्तात्रय काकडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.