पुणे बिल्डिंग हादसा: भारी बारिश के बीच इमारत ढही, 16 लोग मलबे में फंसे; महाराष्ट्र में अब तक कितनी मौतें?
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक इमारत अचानक ढह गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे करीब 16 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक फंसे लोगों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपदा राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस तैनात की गई हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें आसपास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया है ताकि बचाव अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मोशी कचरा डिपो के पास जमा कचरे का बड़ा हिस्सा इमारत की ओर खिसक गया। इसी दबाव के चलते इमारत ढहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस बीच, पुणे शहर, उसके आसपास के इलाकों और पिंपरी-चिंचवड़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है, जबकि प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है। औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में भी लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
No Previous Comments found.