सासवड नगरपरिषद को ‘माझी वसुंधरा अभियान 4.0’ में राज्यस्तरीय द्वितीय पुरस्कार, 3 करोड़ रुपये की सम्मान राशि घोषित

पुणे पुरंदर : पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए सासवड नगरपरिषद ने ‘माझी वसुंधरा अभियान 4.0’ के अंतर्गत 25 से 50 हजार जनसंख्या वर्ग में संपूर्ण महाराष्ट्र की 22 हजार 632 स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए नगरपरिषद को 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की गई है, जिसमें से 1 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रथम किश्त प्राप्त हो चुकी है।

पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार, 21 फरवरी 2026 को मुंबई में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह सफलता सासवड नगरपरिषद ने पिछले वर्ष के अभियान में अर्जित की थी, किंतु उस समय प्रशासनिक व्यवस्था लागू होने के कारण पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित नहीं हो सका था।
इस वर्ष आयोजित हो रहे समारोह में सासवड नगरपरिषद को विशेष आमंत्रण दिया गया है। समारोह में नगरपरिषद की वर्तमान नगराध्यक्षा आनंदीकाकी जगताप तथा मुख्याधिकारी डॉ. कैलास चव्हाण परिषद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सासवड नगरपरिषद को यह सम्मान सौर ऊर्जा परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा व्यापक वृक्षारोपण जैसे पर्यावरण हितैषी उपक्रमों में उत्कृष्ट और ठोस कार्य के कारण प्राप्त हुआ है। इन पहलों के माध्यम से नगरपरिषद ने स्वच्छता, हरित विकास और सतत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।
नगरपरिषद की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विभिन्न स्तरों से अभिनंदन और प्रशंसा व्यक्त की जा रही है। 3 करोड़ रुपये की सम्मान राशि और राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त होने से सासवड शहर ने स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में पुरंदर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। नागरिकों के सहयोग और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप सासवड शहर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।

 संवादाता : प्रा. संतोष जगताप

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.