पुणे-पंढरपूर हाईवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, तीन लोग गंभीर घायल

पुरंदर (पुणे) : महाराष्ट्र के पुणे जिले के पुरंदर तालुका स्थित सासवड बायपास पर संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर पालखी महामार्ग यानी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 965 के आंबोडी फ्लाईओवर पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में ट्रैक्टर चालक दत्तात्रेय शिवाजी पवार, जबकि कार में सवार योगेश वाघमोडे और अथर्व बंडगर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, दत्तात्रेय पवार अपने पालतू पशुओं के लिए चारा लाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से सासवड से जेजुरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही ब्रेज़ा कार ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर आड़े-तिरछे हो गए और मौके पर लंबा जाम लग गया।
हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक यातायात सर्विस रोड से डायवर्ट किया गया। सूचना मिलते ही सासवड पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर दोनों वाहनों को सड़क से हटाया और यातायात को सामान्य कराया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 965 पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतज़ाम करने की मांग की है। फिलहाल सासवड पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

संवाददाता : प्रा. संतोष जगताप 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.