'राहुल गांधी का कार्यक्रम छात्रों की गूंज नहीं, झूठ की गूंज था': सीएम धामी

देहरादून में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारा पलटवार किया। मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर विकास पर बात करने के बजाय युवाओं को भड़काने, भ्रम फैलाने और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

"राहुल गांधी ने मंच से बोले सफेद झूठ, 100 से अधिक नकल माफिया भेजे जेल"

राहुल गांधी द्वारा हाल ही में देहरादून में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, "वह 'छात्रों की गूंज' नहीं, बल्कि 'झूठ की गूंज' थी, क्योंकि राहुल गांधी मंच से सरासर झूठ बोल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि देश में कहीं भी पेपर लीक या नकल के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। जबकि सच्चाई यह है कि अकेले उत्तराखंड में हमारी सरकार ने कठोरतम कानून बनाकर 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा है।"

सीएम धामी ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि राज्य में बिना किसी भ्रष्टाचार, बिना किसी नकल और बिना किसी 'पर्ची-खर्ची' के पारदर्शी तरीके से 35,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां दी गई हैं।

अजीत डोभाल पर चुप्पी और अखिलेश यादव के बयान पर घेरा

विपक्षी गठबंधन की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब कांग्रेस के 'युवराज' (राहुल गांधी) देश के महान सपूत और उत्तराखंड के गौरव, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल जी का अपमान करते हैं, तब कांग्रेस के स्थानीय नेता पूरी तरह मौन रहते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि जब सपा नेता उत्तराखंड के लोगों पर अनर्गल टिप्पणी करते हैं, तब भी कांग्रेस नेता चुप्पी साधे रहते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लिए उत्तराखंड के लोगों का स्वाभिमान और सम्मान कोई मायने नहीं रखता, उनके लिए केवल उनका राजनीतिक गठबंधन पहली प्राथमिकता बना हुआ है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.