35 रुपये किलो प्याज...प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार की राहत

प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को केंद्र सरकार ने राहत दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में खुले बाजार में प्याज 60 से 70 रुपये किलो तक बिक रहा है, जबकि सरकार अपने बफर स्टॉक से 35 रुपये प्रति किलो की दर पर प्याज उपलब्ध करा रही है। यह कीमत बाजार भाव से करीब 44 प्रतिशत तक कम है। सरकार का उद्देश्य सस्ते प्याज की उपलब्धता बढ़ाकर बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करना है।

कहां से आ रहा है सस्ता प्याज?

सरकार महाराष्ट्र के नासिक स्थित बफर स्टॉक से प्याज निकालकर देश के विभिन्न हिस्सों में भेज रही है। इसके लिए विशेष मालगाड़ियां चलाई जा रही हैं, जिन्हें ‘कांदा एक्सप्रेस’ नाम दिया गया है। इन ट्रेनों के जरिए नासिक से प्याज दिल्ली, चेन्नई, मदुरै, एर्नाकुलम यानी कोच्चि और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचाया जा रहा है।

किन एजेंसियों के जरिए हो रही बिक्री?

रियायती दर पर प्याज की बिक्री नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (NAFED), नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (NCCF), केंद्रीय भंडार और मदर डेयरी के माध्यम से की जा रही है। दिल्ली में इसकी शुरुआत केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे ने 27 अगस्त को कृषि भवन से NCCF और NAFED की मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर की थी।

आम लोग कहां से खरीद सकते हैं प्याज?

उपभोक्ता अपने नजदीकी NAFED बाजार आउटलेट या NAFED मोबाइल वैन से 35 रुपये किलो की दर पर प्याज खरीद सकते हैं। इसके अलावा NCCF की मोबाइल वैन और देशभर में मौजूद करीब 100 केंद्रीय भंडार आउटलेट्स से भी सस्ता प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। दिल्ली में फिलहाल NAFED के करीब 13 आउटलेट्स के जरिए बिक्री की व्यवस्था की गई है।

पहले दिन कितनी हुई बिक्री?

सरकारी योजना की शुरुआत में सीमित स्तर पर बिक्री की गई थी। पहले दिन करीब 400 किलो प्याज बेचा गया। मांग बढ़ने के बाद सरकार ने प्याज की सप्लाई के साथ बिक्री केंद्रों और आउटलेट्स की संख्या भी बढ़ाई, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

खुले बाजार में कितना है प्याज का भाव?

सरकार जहां 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेच रही है, वहीं खुले बाजार में चेन्नई में प्याज करीब 60 रुपये किलो बिक रहा है। यह कीमत पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुनी बताई गई है। दिल्ली में भी खुले बाजार में प्याज का भाव 55 से 62 रुपये प्रति किलो के बीच है। ऐसे में सरकारी रियायती प्याज की मांग लगातार बढ़ रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.