डीएम-एसपी ने ईद के दृष्टिगत विभिन्न मस्जिदों व प्रमुख मार्केट का किया भ्रमण
रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने ईद-उल-फितर त्यौहार के मद्देनजर एवं सुरक्षा के दृष्टिगत शहर के विभिन्न मस्जिदों व प्रमुख मार्केट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं आम जनमानस से त्यौहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि अफवाहों से दूर रहकर सभी जन पूर्व के भांति भाईचारा कायम रखने के साथ ही गंगा जमुनी तहजीब को भी कायम रखें। उन्होंने कहा कि त्योहार हम सभी के जीवन को हर्षाेल्लास से भर देते हैं और हम सभी के जीवन में नवीनता और उमंगता का संचार करते हैं, सभी लोग आपसी भाईचारे व एकता का परिचय देते हुए प्रेम पूर्वक त्यौहार को मनाये। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में प्रतिदिन प्रशासन एवं पुलिस के द्वारा विभिन्न स्थानों पर रूट मार्च किया जा रहा है, जिससे त्यौहार को शांतिपूर्वक मनाया जा सके। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया है कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है, किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जायेगी।
जिलाधिकारी ने एसडीएम व सीओ से कहा कि ईद उल फितर के पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जाने के लिए आम जनमानस को प्रेरित किया जाए। ईद का त्योहार हर वर्ष की भांति बहुत ही हर्षाेल्लास शांति व भाईचारे के साथ मनाया जाता है। इस बार ईद के पर्व को सब हंसी खुशी के साथ मिलजुल कर मनाएं। उन्होंने कहा पर्व को देखते हुए मस्जिदों व ईदगाहों पर साफ-सफाई रखी जाए।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर अरूण कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।
संवाददाता : देवराज
No Previous Comments found.