राम मय हुआ एस.जे.एस. लालगंज, दीपोत्सव की छटा ने मोहा सबका मन

लालगंज, रायबरेली :  नगर के प्रतिष्ठित एवं बहुचर्चित अंग्रेजी माध्यम शिक्षण संस्थान एस.जे.एस. पब्लिक स्कूल, लालगंज में दीपावली का पर्व अत्यंत भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ  प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश एवं माँ लक्ष्मी के माल्यार्पण एवं पूजन के साथ दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। छात्रों ने इस अवसर पर अनेक रंगारंग एवं मनमोहक प्रस्तुतियों का मंचन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री रमेश बहादुर सिंह, प्रबंधक श्री अग्रज सिंह एवं सह-प्रबंधिका डॉ. अनुश्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को ज्ञान, विवेक और सदाचार के प्रकाश से प्रकाशित करने का अवसर है। जिस प्रकार एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर करने की क्षमता रखता है, उसी प्रकार व्यक्ति का एक अच्छा विचार, श्रेष्ठ आचरण और सकारात्मक प्रयास समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली हमें जीवन में नई आशाओं, नए संकल्पों और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। अनुशासन, समय का सदुपयोग,आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने व्यक्तित्व, व्यवहार एवं नैतिक मूल्यों को भी श्रेष्ठ बनाएं। साथ ही उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को पंच दिवसीय पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपोत्सव मनाने की अपील की।विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। कक्षा 9 के छात्रों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कक्षा 3 से 5 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका ने अपनी
प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक एवं नैतिक संदेश दिया। वहीं कक्षा 11 के छात्रों द्वारा रामायण कथा पर आधारित मनमोहक मंचन तथा भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के उत्सव की सजीव प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया।
समारोह के अंत में आतिशबाजी के प्रदर्शन एवं दीपोत्सव की भव्यता ने कार्यक्रम को और यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मृदुलेश त्रिपाठी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.