एस.जे.एस. पब्लिक स्कूल बछरावां में अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

बछरावां रायबरेली :  एस.जे.एस. पब्लिक स्कूल, बछरावां में आज अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्रमशः एस.जे.एस. पब्लिक स्कूल लालगंज, बछरावां, महाराजगंज एवं गुरुबक्शगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक एवं मुख्य अतिथि अग्रज सिंह, सह-प्रबंधिका डॉ. अनुश्री सिंह तथा प्रधानाचार्या सुधा सिंह द्वारा संयुक्त रूप से प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमा एवं मैडम मधुलता सिंह के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात हर्ष एवं उल्लास के प्रतीक गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सह-प्रबंधिका डॉ. अनुश्री सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं एस.जे.एस की विभिन्न यूनिट से आई टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय में खेलकूद का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। खेलों के माध्यम से छात्रों का शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास होता है, अतः खेलकूद को शिक्षा का एक अनिवार्य एवं अभिन्न अंग माना जाना चाहिए।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन हेतु निर्णायक मंडल में
क्रिकेट में मिलन भट्टाचार्य,
खो-खो में अनमोल पटेल,
कबड्डी में हिमांशु तिवारी
तथा वॉलीबॉल में शिवम यादव द्वारा निष्पक्ष निर्णय दिए गए।
प्रतियोगिता में एस.जे.एस. बछरावां का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में बछरावां की टीम ने एस.जे.एस. महाराजगंज को पराजित किया, जबकि खो-खो प्रतियोगिता में एस.जे.एस. महाराजगंज की टीम ने एस.जे.एस. गुरुबक्शगंज को मात दी।
बालक वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एस.जे.एस. बछरावां ने एस.जे.एस. लालगंज को हराया। वहीं रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में बछरावां की टीम ने एस.जे.एस. महाराजगंज को पराजित कर विजयी होने का गौरव प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि अग्रज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद से छात्रों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। यह तनाव को कम करता है तथा विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाता है।
कक्षा 11 की छात्राओं द्वारा खेलों के महत्त्व को दर्शाती हुई एक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों  एवं सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं द्वारा समूहिक रूप से किया गया। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के खेल शिक्षक कमलेंद्र सिंह, आदर्श श्रीवास्तव, रविशंकर शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाओं का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।

रिपोर्टर : देवराज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.