बछरांवा में व्यापारियों ने नए कोतवाल श्याम कुमार पाल का किया स्वागत, ट्रैफिक अव्यवस्था पर जताई चिंता
रायबरेली - अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने श्याम कुमार पाल, नव-नियुक्त कोतवाल बछरांवा से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से कोतवाल को अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि बछरांवा के मुख्य चौराहे पर बेतरतीब तरीके से वाहनों का खड़ा होना गंभीर समस्या बना हुआ है, जिसके चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक पुलिस का ढीला रवैया चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि मुख्य चौराहे पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था, नो-पार्किंग का कड़ाई से पालन और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर प्रमुख रूप से संरक्षक सौरमंडल शुक्ला, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष ओमिक सोनी, महामंत्री अमित वर्मा, कोषाध्यक्ष सतीश सोनकर, उपाध्यक्ष भूपेश कुशवाहा, युवा महामंत्री अनूप वर्मा, महामंत्री संदीप मौर्य, उपाध्यक्ष राकेश सोनी, संगठन मंत्री राहुल वर्मा, युवा उपाध्यक्ष अमरेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक सक्रियता से बछरांवा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।
संवाददाता - देवराज


No Previous Comments found.