कानून व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक,हर मोर्चे पर हुआ बदलाव: राकेश सचान
रायबरेली : उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 09 दिवसीय मेले/प्रदर्शनी का आयोजन सामुदायिक केंद्र विकास प्राधिकरण रतापुर रायबरेली में आयोजित किया गया है, जिसमें आज मा० प्रभारी मंत्री जनपद/मा० मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, उद्यम खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग उत्तर प्रदेश राकेश सचान द्वारा मेले/प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर अवलोकन किया गया तथा केंद्र सरकार के 11 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष की उपलब्धियों एवं जनहित में क्रियान्वित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं/परियोजनाओं/कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव उपस्थित रहें।
इसके पश्चात सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक/प्रमाण पत्र सहित दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल व प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाभी व प्रमाण पत्र,स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायती राज विभाग के व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को चेक वितरित किया गया। लगाए गए स्टॉलों के अवलोकन के दौरान मा० मंत्री द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया।
मा० प्रभारी मंत्री ने आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मिशन को आत्मसात करते हुए वर्ष 2017 में डबल इंजन की सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास की जिस यात्रा को प्रारंभ किया था, वह आज ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ के रूप में पूरे देश के समक्ष एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत हुई है। आप सभी इसके साक्षी और सहभागी रहे हैं। हमारी नीतियों के प्रति जिस प्रकार जनता ने अपना सहयोग और समर्थन दिया है, उससे यह विश्वास और दृढ़ हो चला है कि स्पष्ट नीति, साफ नियत, प्रतिबद्धतापूर्ण नियोजन के सद्प्रयास सुफलित अवश्य होते हैं। उत्तर प्रदेश के ट्रांसफॉर्मेशन की चर्चा आज राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हो रही है। इस सकारात्मक बदलाव के पीछे ‘ट्रिपल सी’ यानी कल्चर, कनेक्टिविटी और कॉमर्स का मंत्र है।
मा० मंत्री ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास किया है। वर्ष 2017 के पूर्व और वर्तमान समय के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है, जो आधारभूत संरचना, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के रूप में परिलक्षित हो रहा है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे, हाईवे और ग्रामीण सड़कों के निर्माण से कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है, वहीं एयर कनेक्टिविटी में तेजी आई है और जेवर एयरपोर्ट शीघ्र प्रारंभ होने वाला है। कानपुर से भी अब कई उड़ानें संचालित हो रही हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और भीमसेन में विकसित औद्योगिक केंद्र से औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार के चलते प्रदेश देश में बेहतर स्थिति में आया है। प्रदेश का बजट वर्ष 2016 के लगभग 3.99 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में कायाकल्प योजना और स्कूल चलो अभियान से सुधार हुआ है, वहीं सीसीटीवी आधारित नकलविहीन परीक्षाएं गुणवत्ता बढ़ा रही हैं।
मा० मंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने नए इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ, सर्वाधिक एक्सप्रेसवे के साथ, सर्वाधिक मेट्रो के साथ, सर्वाधिक रेलवे नेटवर्क के साथ, सर्वाधिक जन सुविधाओं के साथ देश के अंदर अग्रणी राज्य बनकर के उभरा है।
मंच का संचालन एस०एस० पाण्डेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक, डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्र, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।
संवाददाता : देवराज

No Previous Comments found.