डीएम ने मुंशीगंज शहीद स्मारक के निर्माणाधीन कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मुंशीगंज स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुंशीगंज शहीद स्मारक जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है, ऐसे महत्वपूर्ण स्थल का विकास भी उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें तथा शहीदों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।
जिलाधिकारी ने स्मारक परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष रूप से पाथवे पर उच्च गुणवत्ता की लाइटें लगाई जाएं, जिससे रात्रि के समय भी परिसर सुरक्षित एवं आकर्षक दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकाश व्यवस्था इस प्रकार विकसित की जाए कि पूरे परिसर में कहीं भी अंधेरा न रहे।
उन्होंने निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि शेष सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा समयबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने तक नियमित रूप से निगरानी की जाए तथा प्रत्येक चरण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का संरक्षण और विकास जनपद की प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराएं, ताकि आमजन एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी, पर्यटन अधिकारी तनुजा यादव सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : देवराज
No Previous Comments found.