व्यापार मंडल की बैठक में नगर की समस्याओं को लेकर उठी आवाज

बछरावाँ/ रायबरेली : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बछरावाँ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर ने की, जबकि संचालन महामंत्री नीरज साहू ने किया। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर की विभिन्न जनहित एवं व्यापारिक समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र एवं स्थायी समाधान की मांग उठाई।

दो घंटे की बारिश में जलभराव पर चिंता

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा दो घंटे की बारिश में ही नगर के विभिन्न मोहल्लों, बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर होने वाला जलभराव रहा। व्यापारियों ने कहा कि जलभराव के कारण आम नागरिकों, दुकानदारों, राहगीरों एवं मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मांग की गई कि तकनीकी विशेषज्ञों की राय लेकर आवश्यकता के अनुसार नए नालों का निर्माण कराया जाए तथा पुराने नालों एवं नालियों की सफाई और जलनिकासी क्षमता बढ़ाई जाए।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भूमंडल शुक्ला ने उठाई आवाज

व्यापार मंडल संरक्षक भूमंडल शुक्ला ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बाजार एवं प्रमुख स्थानों पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठाने और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। शिवगढ़ रोड स्थित ब्रिज के नीचे नगर पंचायत द्वारा बनाई गई क्यारी में कूड़ा फेंके जाने से गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। ऐसे स्थानों पर नगर पंचायत द्वारा नियमित निगरानी की जाए तथा कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाए।

जलभराव के स्थायी समाधान पर राम हर्ष वर्मा ने दिया जोर

व्यापार मंडल संरक्षक रामहर्ष वर्मा ने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान केवल बारिश के समय पानी निकालने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नगर के लिए दीर्घकालिक जलनिकासी योजना तैयार की जानी चाहिए। नगर के प्रमुख जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी न उठानी पड़े।

तालाबों को पुराने स्वरूप में लाने की मांग

व्यापार मंडल के विधिक सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष, सेंट्रल बार एसोसिएशन रायबरेली अतुल शुक्ला ने कहा कि नगर के तालाब प्राकृतिक जल संरक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। तालाबों को चिन्हित कर उनकी सफाई, गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया जाना चाहिए, ताकि अत्यधिक वर्षा होने पर अतिरिक्त पानी तालाबों में एकत्रित हो सके और नगर को जलभराव से राहत मिले।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सेतु की समस्या भी उठी

बैठक में बछरावाँ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता से ठीक कराने की मांग की गई। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय सांसद एवं विधायक से निधि उपलब्ध कराने का आग्रह करने पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा बांदा-बहराइच मार्ग पर बने ऊपरगामी सेतु से बरसात का पानी राहगीरों पर गिरने की समस्या का समाधान कराने तथा पाइप के माध्यम से पानी की उचित निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

पेयजल आपूर्ति व्यवस्थित करने की मांग

व्यापार मंडल ने नगर के सभी मोहल्लों एवं घरों तक नियमित, पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी कम मात्रा में अथवा अनियमित रूप से पहुंच रहा है, वहां पाइपलाइन एवं सप्लाई व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार कराया जाए।

रक्षाबंधन को देखते हुए ई-रिक्शा एवं ऑटो के अतिक्रमण पर रोक की मांग

आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बैठक में बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। व्यापारियों ने कहा कि मुख्य बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा एवं ऑटो को सड़क पर अनियमित एवं गलत तरीके से खड़ा करके सवारी बैठाने-उतारने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बनती है।

व्यापार मंडल ने मांग की कि बाजार क्षेत्र एवं प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा एवं ऑटो द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा इन्हें बाजार क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थान/स्टैंड पर व्यवस्थित किया जाए। रक्षाबंधन के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए इस व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि व्यापारियों एवं आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।

बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर ने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान केवल व्यापारियों के लिए नहीं, बल्कि पूरे बछरावाँ नगर एवं क्षेत्र के नागरिकों के हित में आवश्यक है। व्यापार मंडल जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाता रहेगा और संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करेगा।

इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजयपाल यादव, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सभासद कुंवर वीरभान सिंह, सौरभ मिश्रा उर्फ विक्की, रामकुमार सोनी, दिनेश शर्मा, विकास सोनी, दिलीप गुप्ता, देवेंद्र प्रताप बघेल, अतुल सोनी, अखिलेश चौधरी, राजेश विश्वकर्मा, मदन साहू, रमेश सोनी, दिलीप यज्ञसैनी, कमरुद्दीन अशरफी, नरेंद्र चौरसिया, अजमेर चौधरी, अनूप सिंह सहित तमाम पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : देवराज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.