व्यापार मंडल ने जनसमस्याओं को लेकर तेज की सक्रियता

बछरावाँ :  उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बछरावाँ ने व्यापारिक हितों के साथ-साथ अब नगर की जनसमस्याओं को लेकर भी अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने आज व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी रामआशीष वर्मा को तथा थाना बछरावाँ पहुंचकर थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।
इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बछरावाँ सीएचसी अधीक्षक डॉ. अर्पित श्रीवास्तव से भी मुलाकात कर अस्पताल परिसर में हो रहे जलभराव एवं अन्य अव्यवस्थाओं की जानकारी ली। पदाधिकारियों ने अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
व्यापार मंडल की इस पहल से यह स्पष्ट संदेश गया कि संगठन अब केवल व्यापारियों की समस्याओं तक सीमित न रहकर नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठा रहा है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामआशीष वर्मा को सौंपे ज्ञापन में दो घंटे की बारिश में ही नगर के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापार मंडल ने तकनीकी विशेषज्ञों की राय लेकर आवश्यकतानुसार नए नालों का निर्माण तथा पुराने नालों एवं नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की।
ज्ञापन में नगर क्षेत्र के तालाबों की सफाई, गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार कर उनके पुराने स्वरूप को बहाल करने की मांग भी की गई, ताकि अत्यधिक बारिश होने पर अतिरिक्त पानी तालाबों में एकत्रित हो सके और नगर को जलभराव से राहत मिल सके।
इसके साथ ही बछरावाँ सीएचसी की जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय सांसद एवं विधायक से निधि उपलब्ध कराने का आग्रह करने की मांग की गई।
व्यापार मंडल ने बांदा-बहराइच मार्ग पर बने ऊपरगामी सेतु से बरसात के दौरान राहगीरों पर गिरने वाले पानी की समस्या का समाधान कराने तथा पाइप अथवा अन्य तकनीकी व्यवस्था से पानी की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने की मांग की।
नगर के सभी मोहल्लों एवं घरों तक नियमित, पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई।
वहीं शिवगढ़ रोड स्थित ब्रिज के नीचे नगर पंचायत द्वारा बनाई गई क्यारी में कूड़ा-कचरा फेंके जाने से उत्पन्न गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या को लेकर भी व्यापार मंडल ने चिंता जताई। कूड़ा फेंकने वालों पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाने तथा बाजार क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
दूसरे ज्ञापन में थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल से आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजार क्षेत्र एवं प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा एवं ऑटो द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। व्यापार मंडल ने कहा कि ई-रिक्शा एवं ऑटो को सड़क पर अनियमित तरीके से खड़ा करके सवारी बैठाने-उतारने से बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इन्हें बाजार क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सागर ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता व्यापारियों के हितों के साथ-साथ पूरे नगर का व्यवस्थित, स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित विकास है। उन्होंने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान होने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। व्यापार मंडल जनहित के मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाता रहेगा।
व्यापार मंडल के संरक्षक भूमंडल शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजयपाल यादव, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सभासद कुंवर वीरभान सिंह, महामंत्री नीरज साहू, रामकुमार सोनी, दिनेश शर्मा, विकास सोनी, दिलीप गुप्ता, देवेंद्र प्रताप बघेल, अतुल सोनी, अखिलेश चौधरी, राजेश विश्वकर्मा, मदन साहू, रमेश सोनी, दिलीप यज्ञसैनी, कमरुद्दीन अशरफी, नरेंद्र चौरसिया, अजमेर चौधरी सहित तमाम पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर : देवराज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.