गणतंत्र दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए
रायबरेली : कड़ी मेहनत,लगन और ईमानदार कार्यशैली से कोई भी युवा देश के सर्वोच्च मंच तक पहुँच सकता है
इस बात को सच कर दिखाया है बबुरिहा खेड़ा, बछरावां निवासी नीरज कुमार ने। एक सामान्य परिवार से आने वाले नीरज कुमार इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
वर्तमान में श्री नीरज कुमार सहायक निदेशक,एमएसएमई विकास कार्यालय,कानपुर के पद पर कार्यरत हैं और साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के नोडल अधिकारी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य, प्रशासनिक दक्षता और योजना के सफल क्रियान्वयन के चलते रक्षा मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
प्रत्येक वर्ष रक्षा मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस पर विभिन्न मंत्रालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों और नोडल अधिकारियों को इस ऐतिहासिक और अविस्मरणीय पल का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इसी क्रम में नीरज कुमार का चयन होना उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का प्रमाण है।
नीरज कुमार के इस चयन से बछरावां सहित पूरे रायबरेली जनपद में हर्ष और गर्व का माहौल है। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
नीरज कुमार की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश देती है कि सपने बड़े हों और इरादे मजबूत तो साधारण पृष्ठभूमि से भी असाधारण मुकाम हासिल किया जा सकता है।
संवाददाता : देवराज


No Previous Comments found.