राघव चड्ढा की छुट्टी! राज्यसभा में AAP का बड़ा बदलाव

आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब पार्टी ने सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में नया उप-नेता नियुक्त किया है।

इस संबंध में पार्टी की ओर से राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भी भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने यह भी अनुरोध किया है कि अब राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए।

बीते कुछ समय से राघव चड्ढा को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। खास बात यह रही कि हाल के दिनों में वे पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व से जुड़े अहम मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से चुप नजर आए। यहां तक कि आबकारी नीति मामले में पार्टी के नेताओं को राहत मिलने के बाद भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिसे पार्टी के अंदर दूरियों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, नए डिप्टी लीडर बनाए गए डॉ. अशोक कुमार मित्तल शिक्षा जगत से जुड़े अनुभवी व्यक्ति हैं और वर्ष 2022 में पंजाब से राज्यसभा पहुंचे थे। संसद में उन्होंने कृषि और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सक्रियता से अपनी बात रखी है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी कार्यशैली राज्यसभा में पार्टी की रणनीति को कितना प्रभावी बना पाती है और यह बदलाव पार्टी की आंतरिक राजनीति पर क्या असर डालता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.