भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के साथ राहुल गांधी का 'कूल लुक' वायरल।

पॉलिटिक्स का पुराना ढर्रा अब पुराना हो चुका है! न वो भारी-भरकम रैलियां, न वो लंबे-चौड़े उबाऊ भाषण और न ही वो कड़े VIP प्रोटोकॉल। आज के जेन जी युवाओं का दिल जीतना है, तो राजनीति को कूल, रीलेटेबल और सीधे दिल से कनेक्ट होने वाला बनाना पड़ेगा। और इस बात को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से बेहतर इस वक्त कोई नहीं समझ रहा है! जी हां छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपनी सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस के लिए राहुल गांधी ने रविवार को रायपुर में ऐसा ही एक जलवा दिखाया। दिल्ली लौटने से पहले उन्होंने किसी फाइव-स्टार होटल के बजाय सीधे रायपुर एयरपोर्ट के पास एक लोकल मैगी और चाय प्वाइंट पर अपना अड्डा जमा लिया। टपरी पर चाय की चुस्कियां लेते राहुल का यह नया अवतार इस वक्त सोशल मीडिया पर रील्स और पोस्ट्स के जरिए तहलका मचा रहा है!

दरअसल, राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे थे, जहां कांग्रेस का 10 दिवसीय बेहद गोपनीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा था। राहुल ने वहां करीब 4 घंटे बिताए। पहले उन्होंने सीनियर नेताओं और पूर्व मंत्रियों से करीब 40 मिनट तक गुप्त बातचीत की। इसके बाद 70 लोगों के एक बड़े डेलिगेशन से मुलाकात की, जिसमें पूर्व विधायक और सांसद शामिल थे। लेकिन असली क्लास तो तब शुरू हुई जब राहुल गांधी जिलाध्यक्षों और शहर अध्यक्षों को ट्रेनिंग देने मंच पर आए। उन्होंने पारंपरिक राजनीति के ढर्रे को कूड़ेदान में फेंकने की सलाह दी। राहुल ने कड़े शब्दों में नेताओं को नसीहत दी कि "संगठन में जो पद मिला है, वो रोब झाड़ने या अहंकार दिखाने के लिए नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनके पैरों के जूते घिसने के लिए है!" उन्होंने साफ कहा कि गुटबाजी से तौबा कर लो, क्योंकि छत्तीसगढ़ के अगले विधानसभा चुनाव में टिकट सिर्फ उसी को मिलेगा जो जमीन पर एक्टिव दिखेगा। इसके बाद जब नेताओं ने फोटो खिंचाने की डिमांड की, तो राहुल ने किसी बड़े नेता की तरह दूरी बनाने के बजाय, सबके साथ कंधे पर हाथ रखकर बेहद सहजता से तस्वीरें खिंचवाईं। 
आपको बता दें कांग्रेस का यह शिविर भले ही टॉप सीक्रेट और गोपनीय था, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश ऐसा था कि अभनपुर में पैर रखने की जगह नहीं बची। दूर-दूर से हजारों कार्यकर्ता अपने नेता की एक झलक पाने के लिए बेताब थे। भीड़ का आलम यह था कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत जैसी भारी-भरकम शख्सियत भी कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की के बीच घिर गई और कुछ देर के लिए गेट के बाहर ही फंसी रह गई। इस धक्का-मुक्की का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर खूब तैर रहा है।

वहीं असली भौकाल तो तब कटा जब राहुल गांधी का काफिला ट्रेनिंग खत्म करके एयरपोर्ट की तरफ बढ़ा। अचानक राहुल गांधी की नजर सड़क किनारे एक आम मैगी और चाय प्वाइंट पर पड़ी और उनका काफिला वहीं रुक गया। बस फिर क्या था, छत्तीसगढ़ की राजनीति के सबसे गंभीर चेहरे प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत भी राहुल के साथ टपरी के बेंच पर बैठ गए। राजनीति की गंभीर फाइलों को बंद कर राहुल गांधी ने वहां कड़क चाय और मैगी का ऑर्डर दे दिया। माहौल तब और मजेदार हो गया जब राहुल गांधी ने चाय की चुस्कियां लेते हुए बड़े प्यार से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज को अपने हाथों से बिस्किट खिलाया। टपरी पर बैठे नेताओं की इस जुगलबंदी को देखकर वहां से गुजरने वाले लोग भी हैरान रह गए। 

आपको बता दें कभी ट्रक ड्राइवरों के साथ रात भर का सफर करने वाले, कभी आनंद विहार स्टेशन पर कुलियों का लाल कपड़ा पहनकर बोझा उठाने वाले, तो कभी करोल बाग में मैकेनिकों के साथ बाइक ठीक करने वाले राहुल गांधी का यह अंदाज बिल्कुल सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। वह छत्तीसगढ़ के उस युवा वर्ग को सीधे टारगेट कर रहे हैं, जो रील्स और मीम्स के जमाने में जीता है और अपने नेताओं को किसी राजा-महाराजा की तरह नहीं, बल्कि अपने जैसा आम इंसान देखना चाहता है। चाय की इस टपरी से कांग्रेस ने साफ मैसेज दे दिया है कि वे छत्तीसगढ़ के युवाओं को रिझाने के लिए पूरी तरह जेन जी के रंग में रंग चुके हैं।

हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती! खबर तो यह भी है कि राहुल गांधी बहुत जल्द छत्तीसगढ़ के एक और तूफानी दौरे पर आने वाले हैं। इस बार कांग्रेस छत्तीसगढ़ की सबसे दुखती रग...जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर एक बहुत बड़ा प्रदेशव्यापी आंदोलन खड़ा करने की तैयारी में है। इसी आंदोलन को धार देने के लिए अगले कुछ ही महीनों में राहुल गांधी फिर से छत्तीसगढ़ की धरती पर हुंकार भरेंगे। खैर, आगे क्या होगा यह तो वक्त बताएगा, लेकिन रायपुर की टपरी पर सचिन पायलट और भूपेश बघेल के साथ बैठकर चाय की चुस्कियां लेना और दीपक बैज को बिस्किट खिलाना... राजनीति के इस नए कूल लुक ने विपक्षी खेमे में खलबली जरूर मचा दी है। 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.