युवाओं के लिए बड़ी खबर: भारतीय रेलवे में जल्द खुलेंगे 1.5 लाख नए अवसर
भारतीय रेलवे, जिसे देश की धड़कन कहा जाता है, पिछले दशक में आर्थिक और संचालन के मामले में काफी मजबूत हुई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे अब न केवल अपने खर्चे पूरी तरह कवर कर रही है, बल्कि साल के अंत में राजस्व अधिशेष भी बना रही है।
वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का ऑपरेटिंग रेशियो 98.22 प्रतिशत रहा, जिसका मतलब है कि अब खर्चों पर बेहतर नियंत्रण संभव हो पा रहा है। इस दौरान रेलवे की कुल ट्रैफिक आमदनी 2,65,000 करोड़ रुपये से अधिक रही और लगभग 2,660 करोड़ रुपये का अधिशेष दर्ज किया गया। यह स्थिति पिछले दशक से काफी अलग है, जब रेलवे को अपने खर्च चलाने में भी चुनौती आती थी।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि 2014 से 2024 तक रेलवे ने करीब 5.04 लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किया। इसमें लोको पायलट, तकनीशियन, क्लर्क, इंजीनियर, ट्रैक मेंटेनेंस और ग्रुप-डी जैसे पद शामिल हैं।
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में रेलवे में लगभग 1.5 लाख नई भर्तियों की योजना है। कई पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ पदों के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है।
रेलवे ने खर्च में कटौती पर भी विशेष ध्यान दिया है। डीजल और बिजली पर खर्च में कमी लाई गई और ऊर्जा लागत में 5,500 करोड़ रुपये की बचत हुई। बेहतर मेंटेनेंस और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अतिरिक्त संसाधन नई परियोजनाओं और भर्तियों के लिए उपलब्ध हो सके हैं।
युवाओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 18,000 असिस्टेंट लोको पायलट पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर दी है और नियुक्तियाँ शुरू हो चुकी हैं। परीक्षा और चयन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष ‘वार रूम’ की भी व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों के लिए रेलवे बजट बढ़ाकर 11,486 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे नई लाइनें, स्टेशन और परियोजनाएं शुरू होंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पंजाब, केरल, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी नई रेलवे परियोजनाओं से जल्द ही नौकरियों के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
रेलवे की आर्थिक मजबूती और नए प्रोजेक्ट्स के चलते युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के द्वार और भी व्यापक रूप से खुलने वाले हैं। यह उन छात्रों और युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो स्थिर और सरकारी रोजगार की तलाश में हैं।


No Previous Comments found.