बारिश ने बदला दिल्ली-NCR का मौसम, नोएडा-गाजियाबाद में ऑरेंज अलर्ट, गुरुग्राम में जाम से परेशानी
गुरुवार सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कई स्थानों पर लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। राजधानी दिल्ली में बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत NCR के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सुबह हुई बारिश के कारण गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे खासकर ऑफिस जाने वाले समय में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
नरसीपुर, मानेसर और बिलासपुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पानी जमा होने और लगातार हो रही बारिश के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। ट्रैफिक विभाग ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है।
नोएडा और गाजियाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नोएडा और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में दिन के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के कारण कम दृश्यता, जलभराव और अस्थायी रूप से यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक, इन इलाकों में अगले कुछ घंटों में हल्की बारिश हो सकती है और फिलहाल किसी बड़े मौसम संबंधी खतरे की संभावना नहीं जताई गई है।
No Previous Comments found.