दीपक बैज ने किरण देव के स्वास्थ्य के बारे में पूछा, सिंहदेव पहुंचे डॉ. रमन सिंह के घर

रायपुर : छत्तीसगढ़ की सियासत में मंगलवार का दिन नई सियासी मेल-मुलाकातों का दिन बन गया। सड़क हादसे के बाद लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ लेकर रायपुर लौटे प्रदेश भाजपाध्यक्ष किरण सिंह देव से मिलने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज उनके निवास पहुंचे। उधर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह से मिलने उनके निवास पहुंचे।

दीपक बैज ने किरण देव के स्वास्थ्य के बारे में पूछा- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के साथ प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने किरण सिंह देव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उधर श्री सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट कर लिखा है कि, डा. रमन सिंह से औपचारिक मुलाकात हुई। 

दीपक बैज और किरण देव की मुलाकात-सियासी कड़वाहट के बीच दिखी मानवीय रिश्तों की मिठास पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश की सियासत में घुल चुकी कड़वाहट के बीच इन सियासतानों की मुलाकातों ने कुछ मिठास जरूर घोली होगी। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच आपसी सद्भाव और मानवीय रिश्तों की मिठास देख प्रदेशवासियों को सुकून अवश्य मिलेगा। मुलाकात के बाद श्री बैज ने कहा कि, राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, राजनीतिक विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंध और मानवीय संवेदनाएं अपनी जगह बनी रहनी चाहिए।

रिपोर्टर : मजहर इकबाल 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.