सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका! सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द, 3 हफ्ते में करना होगा सरेंडर
देश के सबसे चर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले राजा रघुवंशी हत्याकांड में आज बड़ी खबर सामने आई! जी हां इंदौर के मशहूर ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बहुत बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने सोनम को मिली जमानत को सिरे से खारिज करते हुए उसे 3 सप्ताह के भीतर हर हाल में सरेंडर करने का कड़ा हुक्म सुना दिया है! मेघालय सरकार की याचिका पर आया सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला आते ही इस बहुचर्चित हत्याकांड की परतें एक बार फिर पूरे देश के सामने खुल गई हैं।
आपको बता दें शादी के कुछ ही दिनों बाद हनीमून मनाने गए इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की संदिग्ध हत्या ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। इस मामले में मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी समेत कई लोगों को हत्या और साजिश का आरोपी बनाया गया था। जब हाईकोर्ट से सोनम को जमानत मिल गई, तो इसके खिलाफ मेघालय सरकार ने सीधे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुप्रीम कोर्ट में राज्य सरकार ने अपना पक्ष रखते हुए साफ कहा कि सोनम को मिली जमानत पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने अदालत को बताया कि गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेजों में केवल एक कानूनी धारा का नंबर टाइप करने में छोटी सी इंसानी चूक हो गई थी। सरकार ने कहा कि इतनी मामूली सी लिखापढ़ी की गलती के आधार पर किसी इतने संगीन हत्या के आरोपी को जमानत पर बाहर रहने की छूट नहीं दी जा सकती। अगर उसकी जमानत बरकरार रही, तो आरोपी के कानून की गिरफ्त से फरार होने का भारी अंदेशा बना रहेगा।
जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करने का अंतिम फैसला सुनाया। वहीं सुप्रीम कोर्ट के इस सख्त रुख के बाद अब सोनम रघुवंशी के पास सरेंडर करने के अलावा कोई कानूनी रास्ता नहीं बचा है। अदालत के आदेश के मुताबिक, उसे अगले 3 हफ्तों के भीतर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करना ही होगा। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल हनीमून मर्डर केस की सुनवाई ट्रायल कोर्ट में लगातार जारी है!
वहीं सुप्रीम कोर्ट के इस कड़े संदेश ने साफ कर दिया है कि संगीन अपराधों में कानूनी दांव-पेच या कागजी गलतियों के सहारे जेल से लंबे समय तक बचा नहीं जा सकता। अब देखना यह होगा कि 3 हफ्ते के भीतर सोनम का सरेंडर कैसे होता है और ट्रायल कोर्ट से इस मर्डर मिस्ट्री का क्या अंतिम फैसला निकलता है!
No Previous Comments found.