खातौली पुलिस का बड़ा 'हल्ला बोल': एमपी का शातिर बाइक चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा
कोटा : खातौली कोटा ग्रामीण पुलिस ने "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय" के ध्येय को चरितार्थ करते हुए बाइक चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। थाना खातौली पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैलाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस की 'सर्जिकल स्ट्राइक'
जिला पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देश पर चोरी और नकबजनी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खातौली थानाधिकारी देशराज पुनि की टीम ने यह बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा के पास घेराबंदी कर आरोपी सरताज पुत्र नसरुद्दीन (18), निवासी श्योपुर (एमपी) को दबोच लिया।
बरामदगी और बड़े खुलासे
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स (RJ 20 PS 8221) बरामद की है। शुरुआती पूछताछ में ही आरोपी ने न केवल खातौली बल्कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में भी कई अन्य चोरियों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
ये रहे 'जांबाज' टीम के सदस्य:-
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी देशराज पुनि के साथ हेड कांस्टेबल गणेशलाल, कांस्टेबल धर्मराज और कांस्टेबल पृथ्वी की मुख्य भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सामने आने की पूरी संभावना है।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.