एक दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का जिला कलेक्टर ने किया भव्य शुभारंभ

झालावाड़ :  राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “पंच गौरव” के अंतर्गत “एक जिला एक खेल” पहल में बास्केटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ द्वारा श्रीमती विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला कलेक्टर ने खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अपने प्रेरक उद्बोधन में जिला कलेक्टर श्री राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार की “पंच गौरव” योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का सशक्त मंच मिल रहा है। “एक जिला एक खेल” पहल से प्रत्येक जिले की विशेष खेल विधा को विकसित कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।

जिला कलेक्टर ने आगे कहा कि जिले में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने सुनेल ब्लॉक में बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से क्षेत्र के युवाओं एवं खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ और खुशी की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री राम सिंह मीणा, जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संस्थानों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 

रिपोर्टर :  रमेश चंद्र शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.