काव्य संग्रह 'रिश्ते' का समारोह पूर्वक लोकार्पण संपन्न

राजस्थान :  छोटे से ग्राम खाचरोद बकानी के शिक्षक,कवि व रचनाकार शिवलाल दांँगी के दुसरे काव्य संग्रह "रिश्ते" का लोकार्पण विश्व जल दिवस के विशिष्ट अवसर पर दिनांक 22.03.2026 रविवार को मदर टेरेसा शिक्षा समिति सभागार,वीर सावरकर नगर कोटा राजस्थान में संपन्न हुआ। 

               लोकार्पण पारिवारिक वानिकी एवं आर्या पब्लिकेशन लखनऊ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित स्वर्णिम शौर्य गाथा कवि एवं साहित्यकार सम्मान समारोह-2026 के बेनर तले संपन्न हुआ।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज मीणा नगर निगम उप महापौर रहे। विशेष अतिथि योगेंद्र कुमार शर्मा वरिष्ठ साहित्यकार,जितेंद्र मीणा समाजसेवी,डॉ.प्रभात सिंगल निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजस्थान,दीपक मोहाली वरिष्ठ साहित्यकार, उज्जवल धाकड़,भुवनेश मालव एवं सौरभ पांडे डायरेक्टर आर्या पब्लिकेशन रहे।
 मुख्य अतिथि पंकज मीणा उपमहापौर ने पुस्तक लोकार्पण के इस अवसर पर कहा कि प्रस्तुत काव्य संग्रह " रिश्ते " में कवि शिवलाल दांँगी ने अपने भावों के माध्यम से पारिवारिक एवं विश्व बंधुत्व पर केंद्रित ज्ञान स्वरूप 108 कविताएं संकलित की है। जो निश्चित रूप से पारिवारिक ताने-बाने के साथ-साथ सामाजिक विसंगति एवं विद्रूपताओं को उजागर करती है।उनका यह काव्य संग्रह परिवार एवं समाज को एक नई दिशा देगा ऐसा पूर्ण विश्वास है।  
 वरिष्ठ साहित्यकार योगेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि काव्य संग्रह " रिश्ते " में कवि ने व्यक्ति से परिवार,परिवार से समाज एवं समाज से राष्ट्र बनता है।व्यक्ति यदि कर्तव्य कर्म में निष्ठावान और मर्यादित जीवन शैली में विश्वास रखने वाले हो तो परिवार एवं समाज को निश्चित रूप से आगे सुदृढ़ बना सकते हैं।इस आधार पर प्रस्तुत काव्य संग्रह खरा उतरता प्रतीत होता है।
 दीपक मोहाली ने अपने उद्बोधन में कहा कि काव्य संग्रह 'रिश्ते' में कवि शिवलाल दाँगी ने रिश्तों की अहमियत को अपने भावों के माध्यम से बखूबी उजागर किया है।यह काव्य संग्रह निश्चित रूप से परिवार समाज व राष्ट्र को प्रेरणा प्रदान करेगा ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है।
 समारोह के साथ ही लेखक शिवलाल दाँगी का विभिन्न संस्थाओं,कवियों एवं साहित्यकारो डॉ.राजेश शर्मा, महेश कुमार त्रिवेदी योगाचार्य,शैलेंद्र जैन गुनगुना, पूजा झाम, वीरेंद्र श्रृंगी के द्वारा माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कवि शिवलाल दांँगी ने कहा कि प्रस्तुत काव्य संग्रह 'रिश्ते'में मैंने पूर्ण मनोयोग से पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डालने का प्रयास किया है जिससे प्रत्येक पाठक इन्हें पढ़कर परिवार,समाज एवं राष्ट्र को एक नई दिशा दे सकेगें।पुस्तक विमोचन के इस कार्यक्रम में राजस्थान के साथ देश के कई वरिष्ट कवि एवं साहित्यकारो की गरिमामय उपस्थिति रही।कार्यक्रम का संचालन पूजा झाम ने किया एवं आभार भुवनेश मालव ने माना।

रिपोर्टर :  रमेश चंद्र शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.