समराई विद्यालय में SMC/SDMC बैठक आयोजित, कला संकाय खोलने की मांग
झालावाड़ (समराई) : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, समराई में आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को SMC/SDMC तथा अभिभावकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संस्था प्रधान द्वारा अवगत कराया गया कि स्थानीय विद्यालय में कला संकाय (Arts Faculty) उपलब्ध नहीं होने के कारण कक्षा 10 के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों को मजबूरी में अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उनके सामने आर्थिक बोझ, पारिवारिक समस्याएं और आवागमन की कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।
इसके अलावा यह भी सामने आया कि कुछ विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान विषय में रुचि न होने के कारण TC (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) लेने की स्थिति बन रही है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बैठक में उपस्थित स्थानीय ग्रामीण समुदाय एवं अभिभावकों ने सर्वसम्मति से विद्यालय में कला संकाय शुरू करने की मांग उठाई। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों के हित में जल्द से जल्द समाधान निकालने के लिए उच्च स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
रिपोर्टर : रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.