जिला क्षय रोग निवारण केंद्र भवन को मिलेगा हेरिटेज लुक - जिला कलक्टर

झालावाड़ :  जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बुधवार को एसआरजी अस्पताल के पुराने भवन में संचालित जिला क्षय रोग निवारण केंद्र का निरीक्षण कर भवन के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने भवन की प्राचीन निर्माण शैली, स्थापत्य कला एवं ऐतिहासिक स्वरूप का अवलोकन किया तथा कहा कि इस भवन की मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे हेरिटेज लुक में विकसित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां जिले की पुरानी स्थापत्य विरासत से परिचित हो सकें।

 
जिला कलक्टर ने कहा कि पुराने भवन केवल संरचनाएं नहीं होते, बल्कि वे इतिहास, संस्कृति और विरासत के प्रतीक होते हैं। ऐसे भवनों का संरक्षण करते हुए उन्हें उपयोगी स्वरूप देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, संरचनात्मक मजबूती एवं आवश्यक सुधार कार्यों के लिए विस्तृत वित्तीय प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, जिससे समयबद्ध रूप से कार्य प्रारंभ कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने भवन की खिड़कियों, दरवाजों, दीवारों तथा अन्य आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने जिला क्षय रोग अधिकारी को निर्देशित किया कि भवन के जर्जर खिड़की-दरवाजों की मरम्मत करवाई जाए तथा परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाए। साथ ही आमजन एवं मरीजों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय में बैठने हेतु पर्याप्त बेंच, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर वातावरण एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को सहज, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके। भवन के नवीनीकरण के साथ-साथ सेवा व्यवस्थाओं में सुधार भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय पोरवाल, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश बंसल सहित अन्य चिकित्सकगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश चन्द्र शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.