जनगणना 2027 के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
झालावाड़ : भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) के लिए फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम चरण के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण 20 से 22 अप्रैल तक राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, झालावाड़ में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न नगरपालिकाओं एवं तहसीलों से आए 28 फील्ड ट्रेनर्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स डॉ. प्रणव देव एवं हंसराज कुमावत ने प्रतिभागियों को जनगणना 2027 का परिचय, इसके विधिक प्रावधान, प्रशिक्षण की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण अवधारणाएं एवं परिभाषाएं विस्तार से समझाईं। साथ ही सीमाओं एवं भू-चिन्हों के निर्धारण तथा जनगणना से संबंधित 34 प्रमुख प्रश्नों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को क्षेत्र भ्रमण भी कराया गया, जिसमें एचएलओ एप के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका का भी प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया गया, जिससे फील्ड कार्य के प्रति उनकी समझ और दक्षता में वृद्धि हुई।
समापन सत्र में उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आशीष यादव ने जनगणना कार्य में आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी प्रदान की गई है। यह सुविधा 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रहेगी, जिससे आमजन स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करें।
रिपोर्टर : रमेश चन्द्र शर्मा


No Previous Comments found.