शेरगज में सीसी ब्लॉक में पड़े बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ से स्कूल का रास्ता बंद, बच्चे परेशान

शेरगज :  ग्राम पंचायत सिनोता के गांव शेरगज में बना सीसी ब्लॉक पूरी तरह धंस गया है। सीसी रोड में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं और हल्की बारिश में ही पूरी सड़क कीचड़ से भर जाती है। सबसे बड़ी समस्या स्कूली बच्चों को हो रही है, क्योंकि स्कूल जाने का यही एकमात्र रास्ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सीसी ब्लॉक बने अभी कुछ ही समय हुआ है, लेकिन घटिया निर्माण के कारण पूरी सड़क जगह-जगह से टूटकर धंस गई है। गड्ढों में पानी भरने से रोज बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। यूनिफॉर्म और किताबें कीचड़ से खराब हो जाती हैं। कई अभिभावकों ने कीचड़ के डर से बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर दिया है।

महिलाओं का कहना है कि कीचड़ के कारण पैदल निकलना तो दूर, साइकिल और बाइक निकालना भी मुश्किल हो गया है। 

ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने मिलीभगत कर घटिया सामग्री का उपयोग किया और अधिकारी बिना जांच के ही भुगतान कर गए। ग्रामीणों ने सरपंच और पंचायत समिति से मांग की है कि शेरगज के धंसे हुए सीसी ब्लॉक को तुरंत उखड़वाकर नया निर्माण करवाया जाए, ताकि बच्चों का स्कूल जाना और आमजन का आवागमन सुचारू हो सके।

रिपोर्टर : आकाश बैरवा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.