सड़क सुरक्षा को लेकर जिला कलक्टर सख्त, अवैध अतिक्रमण हटाने व बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू के दिए निर्देश

झालावाड़ :  सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में शनिवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने सड़कों पर विचरण करने वाले बेसहारा गोवंश एवं श्वानों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा श्वानों के रेस्क्यू की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने प्रमुख सड़कों के दोनों ओर हो रहे अवैध अतिक्रमण को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से खण्डिया चौराहे स्थित अश्व प्रतिमा के आसपास एवं बस स्टेण्ड स्थित पोस्ट ऑफिस के मुख्य द्वार पर लगे ठेलों को हटाने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि केवल योग्य व्यक्तियों को ही ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाएं तथा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता न किया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने तथा अधिकाधिक चालान बनाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना एवं वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला आबकारी अधिकारी को शराब की दुकानों एवं आसपास खुले में शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु नियमित अभियान चलाए जाएं। साथ ही हाई रिस्क विद्यालयों की सम्पर्क सड़कों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में डिस्ट्रीक्ट रोड सेफ्टी एक्शन प्लान की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराज मल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश चंद मीणा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश कुमार शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.