जिला स्तरीय नार्काे कोर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित

झालावाड़ :  जिला स्तरीय नार्काे कोर्डिनेशन समिति की बैठक शनिवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में आमजन, विशेषकर युवाओं में बढ़ते मादक पदार्थों के सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं में फैल रही नशे की प्रवृत्ति को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

मेडिकल की दुकानों पर विशेष निगरानी के निर्देश

जिला कलक्टर ने मेडिकल कॉलेजों में नशे का सेवन करने वाले छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रग निरीक्षक को जिले की मेडिकल दुकानों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर की जांच करने के लिए कहा। एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं का स्टॉक रजिस्टर से अधिक पाए जाने या अवैध विक्रय की स्थिति में संबंधित दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने एवं एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

अवैध खेती पर सख्त कार्रवाई, जनजागरूकता पर जोर

बैठक में अफीम एवं गांजे की अवैध खेती पाए जाने पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर जोर दिया गया। नशामुक्ति केंद्रों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराज मल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश कुमार शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.