जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित

झालावाड़ :  जिला पर्यावरण समिति की बैठक जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में शनिवार को मिनी सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं स्वच्छता संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हेतु सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने अब तक जप्त की गई प्लास्टिक का उचित निस्तारण करने एवं इससे संबंधित रिपोर्ट वन विभाग को भिजवाने के निर्देश नगर परिषद् के अधिकारी को दिए।

बैठक में जिले में स्थापित एवं संचालित क्रेशर, ईंट भट्टों के नियमानुसार संचालन की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित कराई जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

शहर में ध्वनि प्रदूषण को कम करने एवं नियंत्रण के लिए भी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

बैठक में स्वच्छता एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित झालावाड़ के निर्माण में सभी विभाग अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में उप वन संरक्षक सागर पंवार, उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर ; रमेश कुमार शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.