नानोर में मातृ सम्मेलन आयोजित, बालक के सर्वांगीण विकास में माता की भूमिका पर हुआ मंथन
बकानी : विद्या भारती द्वारा संचालित स्वामी श्री रामेश्वर आश्रम आदर्श विद्या मन्दिर माध्यमिक विद्यालय, बकानी के तत्वावधान में गांव नानोर में सोमवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मातृशक्ति को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ बालकों के सर्वांगीण विकास में माता की भूमिका पर विशेष रूप से विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बालक के सर्वांगीण विकास में माता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। माता ही बालक की प्रथम गुरु होती है और उसके व्यक्तित्व, व्यवहार, विचार एवं संस्कारों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं नैतिक विकास के लिए माताओं को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है तथा संस्कारवान परिवार से ही सशक्त समाज का निर्माण होता है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने मातृशक्ति से सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य रायसिंह जी गुर्जर, सीताराम जी सेन, रमेश जी प्रजापति, जगदीश राठौर एवं राजेंद्र प्रजापति सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में हरिओम शर्मा ने उपस्थित मातृशक्ति एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में मातृशक्ति की सहभागिता से संस्कारवान एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रिपोर्टर : रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.