ओपी राजभर ने अखिलेश यादव की वायरल फोटो पर कसा तंज, कहा- पिछलग्गू बनकर मजा आया या नहीं

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ INDIA ब्लॉक के मार्च के दौरान राहुल गांधी के पीछे खड़े समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। यूपी सरकार के मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस तस्वीर को आधार बनाते हुए अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है और पूछा है कि दिल्ली जाकर अपनी बेइज्जती क्यों करा ली?

'बाराती वाले ट्रैक्टर पर जबरिया ठूंस दिए जाने' जैसा बताया हाल

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख अपनाते हुए लिखा कि दिल्ली के इस गठबंधन में अखिलेश यादव की असली हैसियत उनके साथियों ने सबके सामने दिखा दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे उन्हें किसी बाराती ट्रैक्टर पर जबरिया बैठा दिया गया हो और वे दूल्हा के दोस्त के ममेरे भाई के नाराज फूफा जी की तरह नजर आ रहे हों।

कार्यकर्ताओं और नेतृत्व पर भी साधा निशाना

राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके समर्थक भी यह सोच रहे होंगे कि जिन भैया-जी को वे सर्वोपरि मानते थे, वे आज खुद भीड़ में पीछे छूट गए हैं। उन्होंने कहा कि आज कुर्सी की ख्वाहिश में नैया की कमान पूरी तरह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाथों में चली गई है, जबकि यूपी के बजाय दिल्ली के चक्कर काटे जा रहे हैं।

'सत्ताइस में सपा साफ' होने का दावा

सुभासपा चीफ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली के इन स्वार्थी दोस्तों से सपा प्रमुख को अपमान के अलावा कुछ हासिल नहीं होने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए अंत में यह भी दावा किया कि जिस तरह अखिलेश दिल्ली की भीड़ में पीछे नजर आए, उसी तरह आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी सपा का सूपड़ा साफ होने वाला है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.