आगामी 22 जनवरी को होने वाले हिन्दू सम्मेलन का हुआ ध्वजारोहण

सारंगपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 22 जनवरी को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले भव्य हिंदू सम्मेलन की तैयारियों का शुभारंभ बुधवार को धार्मिक विधि–विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण कर की गई, मंडी परिसर में  विधिवत पूजा-अर्चना कर सर्व समाज की सुख-समृद्धि एवं सम्मेलन की सफलता की कामना की गई। इस अवसर पर कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद एवं उपहार प्रदान किए गए। ध्वजारोहण के साथ ही  रंगोली एवं सजावट से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में हिंदू सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि 22 जनवरी को होने वाला हिंदू सम्मेलन समाज को एकजुट करने, सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने एवं राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में विभिन्न संत-महात्मा, समाजसेवी एवं वक्ता अपने विचार व्यक्त करेंगे। ध्वजारोहण एवं पूजन कार्यक्रम के साथ ही सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।

रिपोर्टर : जावेद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.