बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ: हौसले की मिसाल बनी प्रियांशी नागर

सारंगपुर - (राजगढ़) बेटी किसी भी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि परिवार का गौरव होती है। यदि बेटी दिव्यांग है, तो उसे कमजोरी का एहसास कराने के बजाय उसके सपनों को पूरा करने में सहयोग करना चाहिए। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी ग्राम आमलारोड निवासी प्रियांशी नागर पिता मोहन सिंह नागर की है, जिन्होंने अपने संघर्ष और माता-पिता के सहयोग से एक नई मिसाल पेश की है।

प्रियांशी की सफलता की कहानी बताती है कि यदि माता-पिता का साथ, विश्वास और प्रोत्साहन मिले तो कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का रास्ता निकल सकता है। प्रियांशी के माता-पिता ने कभी भी उसे दिव्यांगता के कारण हताश नहीं होने दिया और न ही उसे किसी प्रकार की कमी का एहसास होने दिया। उन्होंने हर कदम पर बेटी का साथ दिया और उसके मानसिक विकास एवं शिक्षा को प्राथमिकता दी।

जनपद शिक्षा केंद्र सारंगपुर, जिला राजगढ़ के आदरणीय श्री रामकृष्ण पाटीदार ने प्रियांशी की इस प्रेरणादायक सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार माता-पिता ने बेटी के संघर्ष में उसका साथ दिया और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

शासन की ओर से भी बालिका को पढ़ाई एवं मानसिक विकास के लिए विभिन्न शैक्षणिक किट और खिलौने उपलब्ध कराए गए, जिससे उसकी सीखने और समझने की क्षमता विकसित करने में सहायता मिली।

समाज के लिए एक बड़ा संदेश

प्रियांशी की कहानी समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि यदि किसी परिवार में दिव्यांग बालिका हो तो उसे कभी बोझ नहीं समझना चाहिए। बल्कि उसके प्रत्येक कार्य में सहयोग करना चाहिए, उसे घर से बाहर घूमने-फिरने और समाज से जुड़ने के अवसर देने चाहिए। उसके आत्मविश्वास को बढ़ाना चाहिए, ताकि वह भी अपने सपनों को पूरा कर सके और आत्मनिर्भर बन सके। प्रियांशी की यह कहानी साबित करती है कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और आगे बढ़ने की राह में बाधा नहीं बन सकती। जरूरत है तो सिर्फ परिवार के प्यार, समाज के सहयोग और मजबूत हौसले की। प्रियांशी जैसी बेटियां समाज को यह संदेश देती हैं कि बेटियां अवसर मिलने पर हर परिस्थिति में अपनी पहचान बना सकती हैं।

संवाददाता – नागेश्वर पाटीदार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.