कॉमेडियन राजीव ठाकुर के पिता का निधन, कृष्णा अभिषेक ने दी दुखद खबर
कॉमेडियन और अभिनेता राजीव ठाकुर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजीव ठाकुर के पिता का निधन हो गया है। इस दुखद खबर की पुष्टि अभिनेता और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने की। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर राजीव के पिता के निधन की जानकारी दी और इस घटना पर दुख जताया।
दरअसल, कृष्णा अभिषेक और राजीव ठाकुर को इंदौर में एक साथ परफॉर्म करना था। दोनों कलाकारों का शो होने वाला था, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही राजीव ठाकुर के पिता के निधन की खबर सामने आ गई। कृष्णा ने बताया कि जब वह इंदौर के लिए फ्लाइट से रवाना हो रहे थे, तभी उन्हें राजीव के पिता के निधन की जानकारी मिली।
इंदौर पहुंचने के बाद कृष्णा अभिषेक ने वीडियो के जरिए फैंस को इस दुखद खबर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजीव ठाकुर उनके साथ इंदौर में परफॉर्म करने वाले थे, लेकिन पिता के निधन के कारण अब शो को दूसरी तारीख के लिए री-शेड्यूल किया जाएगा। उन्होंने उन दर्शकों से भी अपील की, जिन्होंने शो के टिकट खरीदे हैं कि वे परेशान न हों, कार्यक्रम बाद में आयोजित किया जाएगा।
राजीव ठाकुर के पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री के लोग भी दुखी हैं। सोशल मीडिया पर फैंस राजीव को इस मुश्किल समय में हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं और उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। बता दें कि राजीव ठाकुर ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी थिएटर से की थी। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा। उन्हें ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज सीजन 3’ से खास पहचान मिली। इसके बाद वह ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों का हिस्सा रहे।
राजीव ठाकुर ने टीवी के अलावा फिल्मों में भी काम किया है। वह ‘ठग लाइफ’ (2017), ‘तारा मीरा’ (2019), ‘जिंदगी जिंदाबाद’ (2023) और ‘मजनू खर्चीली लैला’ (2023) जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
फिलहाल राजीव ठाकुर और उनके परिवार के लिए यह बेहद मुश्किल वक्त है। पिता के निधन से परिवार में शोक का माहौल है, वहीं पूरी इंडस्ट्री और फैंस इस दुख की घड़ी में राजीव के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
No Previous Comments found.