विकास और सुशासन की नीति पर जनता की मुहर - सांसद संतोष पांडे
राजनांदगांव : पश्चिम बंगाल,असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सांसद संतोष पांडे ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इन चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, विकासवादी सोच और सुशासन की नीतियों की ऐतिहासिक जीत बताया।
सांसद श्री पांडे ने कहा कि यह जनादेश स्पष्ट संकेत देता है कि देश की जनता अब तुष्टीकरण और अराजकता की राजनीति को नकार चुकी है। मतदाताओं ने विकास, पारदर्शिता और स्थिर शासन को प्राथमिकता देते हुए भाजपा और एनडीए के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” का मंत्र अब केवल नारा नहीं, बल्कि जन-जन की अपेक्षाओं का प्रतिबिंब बन चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं—गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विकास, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण—ने समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक प्रभाव पहुंचाया है। यही कारण है कि जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
सांसद संतोष पांडे ने इस सफलता का श्रेय भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को भी दिया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर जनसेवा और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास ही पार्टी की असली ताकत है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भाजपा सरकारें इन राज्यों में विकास की नई इबारत लिखेंगी और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेंगी।
अंत में सांसद ने कहा कि भाजपा सरकारें पारदर्शिता, सुशासन और समावेशी विकास के मूल सिद्धांतों पर चलते हुए देश को निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करती रहेंगी।
रिपोर्टर : राधेश्याम

No Previous Comments found.