यूपी से राज्यसभा के लिए BJP के 8 उम्मीदवार घोषित, सभी नए चेहरों को मौका
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।
बीजेपी की ओर से जारी सूची में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। 8 उम्मीदवारों में 3 OBC, 2 SC और 3 सामान्य वर्ग से हैं। सूची में दो महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। OBC वर्ग में लोधी, पाल और कुर्मी समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि सामान्य वर्ग में दो ब्राह्मण और एक राजपूत उम्मीदवार शामिल हैं।
धर्मपाल सिंह और प्रकाश पाल को मौका
धर्मपाल सिंह लोधी समुदाय से आते हैं और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वहीं प्रकाश पाल बीजेपी संगठन में क्षेत्रीय मंत्री हैं और पाल बिरादरी से आते हैं। पाल समुदाय को OBC वर्ग में गडेरिया बिरादरी के तौर पर भी माना जाता है।
बीजेपी की सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के नाम शामिल नहीं हैं।
विद्यासागर सोनकर भी उम्मीदवार
विद्यासागर सोनकर दलित समुदाय से आते हैं और बीजेपी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह पूर्व MLC और मछलीशहर से पूर्व सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वह पार्टी के पूर्व महामंत्री भी रहे हैं।
पुराने चेहरों की जगह नए उम्मीदवार
इस बार बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए सभी नए चेहरों को मौका दिया है। पार्टी ने अपने मौजूदा या पूर्व राज्यसभा चेहरों में शामिल अरुण सिंह, सीमा द्विवेदी, बीएल वर्मा, हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, बृजलाल, दिनेश शर्मा और गीता शाक्य को उम्मीदवार नहीं बनाया है।
इनमें दिनेश शर्मा अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल हैं। बीजेपी की नई सूची के साथ उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।

No Previous Comments found.