राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशान...पदयात्रा का किया ऐलान

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने डुमरियागंज के पूर्व भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के विवादास्पद बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जवाब मांगा। संजय सिंह ने कहा कि मंच से खुलेआम “कम से कम 10 मुस्लिम लड़कियों को भगाओ, नौकरियां हम देंगे” जैसा बयान देना न केवल गंगा-जमुनी तहजीब को ठेस पहुंचाता है, बल्कि हिंदू धर्म की मर्यादा का भी अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेताओं को नफरत फैलाने की खुली छूट दे रही है और आरोप लगाया कि भाजपा अब धर्म के नाम पर समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है।

सीएम नाम बदलने की राजनीति में व्यस्त-

संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलडोजर और नाम बदलने की राजनीति में व्यस्त हैं।

AAP नफरती राजनीति का विरोध करती रहेगी

उन्होंने निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के रवैए पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख खतरे में है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी 12 नवंबर से 24 नवंबर तक “सरयू से संगम तक” पदयात्रा निकालेगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य “रोजगार दो” और “सामाजिक न्याय दो” की मांग को लेकर जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि AAP नफरती राजनीति का विरोध करती रहेगी और धर्म, न्याय व समानता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.